रायपुर : टूल किट मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच चल रही जुबानी जंग के बीच कांग्रेस आइटी सेल ने पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस ने रमन बेनकाब हैशटैग से कैंपेन चलाया है, जिसमें दस हजार से ज्यादा लोगों ने ट्वीट किया है। टि्वटर ने रमन की पोस्ट पर मैनिपुलेटेड मीडिया का टैग लगाया है। इसके बाद कांग्रेस नेता खुलकर रमन के खिलाफ ट्वीट कर रहे हैं।
कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया में रमन का नाम मैनिपुलेट डा. रमन सिंह कर दिया है और उनके हर बयान पर कांग्रेस की तरफ से एक साथ कई नेता जवाबी हमला कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने आरोप लगाया है कि घपले, घोटाले, जालसाजी और फर्जीवाड़े की वजह से पार्टी संगठन ने भी अब उनसे दूरी बनानी शुरू कर दी है। पीएम मोदी पहले ही दूरी बना चुके हैं।
तीन साल में पार्टी ने उन्हें किसी भी चुनाव में स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल नहीं किया। दरअसल, करीब एक सप्ताह से विपक्ष की तरफ से सरकार पर हमले की कमान डा. सिंह ने संभाल रखी है। वे सरकार की कमियों को लेकर इंटरनेट मीडिया पर तीखा हमला बोल रहे हैं। अब कांग्रेस उनके हमलों का जवाब तीखे अंदाज में दे रही है।
कांग्रेस ने आधिकारिक टि्वटर अकाउंट से ट्वीट किया-हाय ये तेरा फर्जीपन, कागज के छातों में न ढक पाएगा। पूर्व विधायक चुन्नाीलाल साहू ने कहा- रमन सिंह टि्वटर के द्वारा आपकी पहचान मैनिपुलेटर के तौर पर की गई है, कोई शर्म है कि नहीं। डा. रमन की क्या पहचान, झूठ, फरेब और अज्ञान…। शीतल केसरवानी ने ट्वीट किया-राम नाम जपना, झूठ फैलाने का सपना टूट चुका है। क्या है कि भगवान श्रीराम भी जानते हैं कि क्या सच है और क्या झूठ है।