हरियाणा के विधायकों को प्रशिक्षण देने आज रायपुर आएंगे शक्ति सिंह गोहिल

0
171

रायपुर। राज्यसभा सदस्य और दिल्ली कांग्रेस प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल और पूर्व मंगलवार को छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे यहां हरियाणा के कांग्रेस विधायकों के प्रशिक्षण में शामिल होंगे। विधायकों को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान के संबंध में जानकारी देंगे।

विधायकों को निष्ठावान रहने की नसीहत

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व प्रदेश के नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने सोमवार को नवा रायपुर स्थित होटल में हरियाणा के विधायकों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने वहां से पार्टी के नेताओं व विधायकों की बैठक की। उन्होंने सभी को पार्टी के प्रति निष्ठावान रहने की नसीहत देते हुए हरियाणा में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित बताया।

बता दें कि पार्टी ने एक दिन पहले ही बघेल और शुक्‍ला को हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। सोमवार दोपहर दिल्ली से रायपुर आए शुक्‍ला एयरपोर्ट से विधायकों से मिलने के लिए सीधे होटल पहुंचेे। वहीं, कांकेर और भिलाई के दौरे के बाद शाम को रायपुर लौटे मुख्यमंत्री बघेल भी शाम करीब सवा सात बजे वहां पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार बघेल ने हरियाणा से आए नेताओं के साथ औपचारिक परिचय प्राप्त करने के बाद वहां का चुनावी गणित समझा।

नाराजगी की वजह से दो विधायकों के यहां नहीं पहुंचने की बात के बाद इस पर भी मंथन किया गया कि कितने निर्दलीय या अन्य विधायकों का साथ मिल सकता है। इस दौरान शुक्‍ला ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के संदेशों से विधायकों को अवगत कराया। यह भी बताया कि नाराज चल रहे दोनों विधायकों की राहुल गांधी के साथ बैठक कराने का प्रयास चल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विवेक बंसल को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा सफल नहीं होगी: शुक्ला

एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा में शुक्ला ने कहा कि जो विधायक नहीं पहुंचे हैं, वो भी हमारे साथ हैं। कांग्रेस की ही जीत होगी। कहीं कोई नाराजगी नहीं है। चुनाव को लेकर कांग्रेस विधायकों के साथ बैठक होगी। इसमें रणनीति बनाई जाएगी। शुक्ला ने कहा कि भाजपा खरीद-फरोख्त की राजनीति करती है, लेकिन सफल नहीं होगी।

मंत्री चौबे और अकबर ने भी की मुलाकात

प्रदेश के कृषि मंत्री रविंद्र चौबे और वन मंत्री मोहम्मद अकबर भी सोमवार को दोपहर में हरियाणा के विधायकों से मिले। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न् योजनाओं की उन्हें जानकारी दी। पत्रकारों के साथ चर्चा में चौबे ने हरियाणा में पार्टी के राज्यसभा प्रत्याशी के जीत का दावा करते हुए कहा कि यहां हरियाणा के विधायकों का राज्यसभा के लिए वोटिंग आदि के संबंध में प्रशिक्षण चल रहा है। साथ ही वे यहां की प्रदेश सरकार की योजनाओं की भी जानकारी ले रहे हैं।