रायपुर : केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया पर सवाल किया है कि मोदी जी, हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दिए? कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने इंटरनेट मीडिया पर इस सवाल का पोस्टर साझा करते हुए गिरफ्तार करने की चुनौती दी। उसके बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सहित कई मंत्री और विधायक भी ऐसी चुनौती के साथ सामने आ गए।
प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने अपनी प्रोफाइल पर खुद की जगह यह सवाल लगा दिया है। मरकाम ने लिखा-मुझे भी गिरफ्तार करो। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंडिया ने इसे अपनी प्रोफाइल में लगा लिया। नगरीय प्रशासन मंत्री डा. शिव डहरिया ने लिखा, सवाल का जवाब नहीं है, तो गिरफ्तार कर लीजिए साहब! लेकिन अब ये तो हर देशवासी पूछेगा कि हमारे बच्चों की वैक्सीन विदेश क्यों भेज दिया?
खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने राहुल गांधी की पोस्ट को साझा किया। संसदीय सचिव शकुंतला साहू और भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने भी इस पोस्टर को अपनी प्रोफाइल का हिस्सा बनाया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख शैलेश नितिन त्रिवेदी ने राहुल गांधी की पोस्ट को आगे बढ़ाते हुए यही बात दोहराई। प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भी यह पोस्ट साझा किया।
एनएसयूआइ के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, इंटरनेट मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष जयवर्धन बिस्सा ने भी इसे प्रोफाइल फोटो बनाया। शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि यह केंद्र सरकार की अनीति है। एक सवाल पूछता हुआ पोस्टर लगाने पर दिल्ली पुलिस ने गरीब पोस्टर लगाने वालों, रिक्शा वालों को पकड़ा है। अब सभी यह सवाल पूछने लगे हैं। दिल्ली पुलिस ने स्वामीभक्ति दिखाने में इस मामले को अंतरराष्ट्रीय चर्चा का केंद्र बना दिया है।