रायपुर । छत्तीगसढ़ में कांग्रेस ने मिशन-2023 का रोडमैप तैयार करने के लिए दुर्ग में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की। दुर्ग के राजीव भवन में प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रदेश प्रभारी सचिव सप्तगिरि शंकर उल्का, राष्ट्रीय सचिव विकास उपाध्याय की मौजूदगी में संगठन चुनाव से लेकर विधानसभा चुनाव का खाका तैयार किया गया।
- प्रदेश प्रभारी पुनिया, मुख्यमंत्री बघेल, अध्यक्ष मरकाम, प्रभारी सचिव उल्का बैठक में हुए शामिल
- राजनीतिक प्रस्ताव में मुख्यमंत्री के प्रति धन्यवाद, केंद्र के प्रति निंदा और मांग का प्रस्ताव पारित
- 14 से 29 नवंबर तक महंगाई के खिलाफ चलेगी कांग्रेस की जनजागरण पदयात्रा, करेंगे जनजागरण
कांग्रेस में बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर के चुनाव होने हैं। ब्लाक से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का चुनाव सदस्यता अभियान से ही होगा। बैठक में जिलाध्यक्षों और विधायकों को इशारों-इशारों में सामंजस्य बनाने की नसीहत भी दी गई। प्रदेश प्रभारी पुनिया ने कहा कि पहले सांमजस्य नहीं बिठाने वाले विधायकों की टिकट भी कटी और जिलाध्यक्षों को हटाया भी गया। इस बार ऐसी स्थिति न बनें, इसके लिए प्रयास किया जाए।
जिला प्रभारी की जबाबदेही है कि वह संगठन और विधायक में सामंजस्य बैठा कर चले। दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस की गुटबाजी पिछले छह महीने से खुलकर सामने आने लगी है। कांग्रेस मुख्यालय से लेकर जिला कार्यालय में पदाधिकारियों और विधायकों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है। ऐसे में वरिष्ठ नेताओं ने साफ संकेत दे दिया कि बवाल करने वाले विधायकों की टिकट खतरे में हैं और जिलाध्यक्षों की कुर्सी भी जा सकती है।
4 नवंबर से 29 नवंबर तक प्रदेश कांग्रेस की ओर से महंगाई के खिलाफ चलाये जाने वाले जनजागरण पदयात्रा तथा आंदोलन के रूपरेखा पर चर्चा हुई। इसके साथ ही आजादी के हीरक महोत्सव तथा इंदिरा गांधी जयंती, बंग्लादेश विजय दिवस के 50वीं वर्षगांठ पर आयोजित कार्यक्रम पर चर्चा की गई।
प्रदेश में एक दिसंबर से होने वाली धान खरीद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समिति बनाई जाएगी, जो लोगों का सहयोग करेगी। नगरीय निकाय चुनावों पर भी चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने 105 लाख टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित करने पर मुख्यमंत्री भूपेश बधेल और राज्य सरकार के प्रति धन्यवाद का प्रस्ताव लाया।
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर ने बढ़ती महंगाई पर केंद्र सरकार के खिलाफ निदा प्रस्ताव लाया। निदा प्रस्ताव में कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा कोरोना काल में एक्साइज ड्यूटी को बेतहाशा बढ़ा दिया गया, जिससे महंगाई चरम पर पहुच गई। कांग्रेस ने एक्साइज ड्यूटी को कोरोना काल से पहले के बराबर करने की मांग की।
सदस्यता और जनजागण अभियान में कोताही बर्दाश्त नहीं: पुनिया
प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने कहा कि सदस्यता अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जो एक नवंबर से 31 मार्च 2022 तक चलेगा। सदस्यता बुक जिलाअध्यक्षों के माध्यम से ही जारी की जाएगी। सदस्यता के लिए लोगो में जागरूकता फैलाकर तथा विचारधारा से जोड़कर सदस्य बनाएं। पुनिया ने कहा कि जनजागरण अभियान राष्ट्रीय कार्यक्रम है, इसमें कोताही नहीं होनी चाहिए।
सांप्रदायिकता और मतांतरण से महौल खराब कर रही भाजपा: बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा मुद्दाविहीन है, वह सांप्रदायिकता और मतांतरण के झूठे मुद्दे पर माहौल खराब करने में लगी है। हमें लोगों को जागरूक करना है। पुलिस को कहा है कि कही भी मतांतरण की कोई शिकायत आए तो कड़ी कार्रवाई करें। मुख्यमंत्री ने धान खरीदी से लेकर अन्य मुद्दों की पदाधिकारियों को जानकारी दी।