शत-प्रतिशत कर्मचारियों को दफ्तर बुलाया, 35 मिले गायब, भड़के कलेक्टर ने थमाया नोटिस

0
93

रायपुर। राज्य सरकार ने कोरोना के मामले कम होने के बाद अब दफ्तरों में सभी की शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य कर दी है। सोमवार को पहले ही दिन कलेक्टोरेट परिसर की विभिन्न शाखाओं से करीब 35 कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कलेक्टर सौरभ कुमार ने सुबह 10:30 बजे के बाद जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों और शाखाओं के कार्यालय का निरीक्षण किया।

इस दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कलेक्टर ने कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों से उनके दायित्वों और कार्यों संबंधी जानकारी ली। पता चला कि कई कर्मचारी बिना जानकारी के ही गायब हैं। इससे कलेक्टर नाराज हो गए और उन्होंने कलेक्टर ने सभी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारी की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा तथा कार्यालयीन समय का विशेष रूप से ध्यान रखने को कहा।

नोटिस देकर मांगा है जवाब

भ्रमण के दौरान अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों को कलेक्टर ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। कलेक्टर ने रिकार्ड रूम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि पूर्व में रायपुर जिला का क्षेत्रफल बहुत बड़ा था। अब रायपुर जिला पांच जिलों में बंट चुका है। उन जिलों के रिकार्ड अगर इस रिकार्ड कक्ष में है तो उसे संबंधित जिला में भेजे। कलेक्टर ने आवक- जावक शाखा का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह कलेक्टोरेट का मुख्य शाखा है। इस शाखा में विभिन्न प्रकार के महत्वपूर्ण डाक प्राप्त होते हैं और महत्वपूर्ण जानकारी प्रेषित की जाती है। उन्होंने उचित रूप से पंजी संधारित करने के निर्देश दिए।

इन कार्यालयों में नदारद मिले कर्मी

कलेक्टर ने नजूल शाखा, अभिलेख कक्ष, हिंदी रिकार्ड रूम, अंग्रेजी रिकार्ड रूम, नाजीर शाखा, अधीक्षक शाखा, राजस्व शाखा, लेखा शाखा, वीडियो कांफ्रेसिंग रूम सहित वित्त ,स्थापना ,नजूल ,प्रोटोकाल, अतिरिक्त कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के कार्यालय ,खाद्य ,भू अभिलेख, आबकारी, आदिवासी विकास विभाग, जिला खनिज विभाग, खाद्य, निर्वाचन कार्यालय आदि का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एडीएम एन आर साहू, अपर कलेक्टर पदमिनी भोई साहू, अपर कलेक्टर बी.सी. साहू, संयुक्त कलेक्टर यु.एस. अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर जगन्नााथ वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।