इंदौर। शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 1706 नए मरीज मिले। महामारी से मरने वालों की संख्या सात रही। दिनभर में 8581 सैंपलों इकट्ठा किए। जबकि 10 हजार 370 सैंपल जांचे गए। शुक्रवार देर रात जारी बुलेटिन के मुताबिक अब तक 12 लाख 46 हजार 957 सैंपलों की जांच हुई है। करीब एक लाख 25 हजार 153 पाजिटिव पाए गए। शुक्रवार को 334 मरीज हास्पिटल से डिस्चार्ज किए गए। अब तक स्वस्थ होकर घर जाने वालों की संख्या एक लाख 9 हजार 45 हो चुकी है। फिलहाल 14911 कोरोना पाजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है। अभी तक संक्रमण से 1197 व्यक्तियों की मौत हो चुकी है।
ड्राइव इन कोविड टेस्ट सेंटरों में पहुंचे 998 लोग
इंदौर। नगर निगम द्वारा नेहरू स्टेडियम और दशहरा मैदान में संचालित ड्राइव इन कोविड टेस्ट सेंटर में शुक्रवार को 998 लोगों ने कोरोना जांच कराई। निगमायुक्त प्रतिभा पाल ने बताया नेहरू स्टेडियम में 252 और दशहरा मैदान सेंटर में 746 लोग जांच कराने पहुंचे। दोनों सेंटरों में जांच के लिए लोगों को अपने वाहनों से नीचे नहीं उतरना पड़ता। गाड़ी में बैठे-बैठे ही जांच हो जाती है। दोनों सेंटर निजी लैब के सहयोग से सशुल्क संचालित किए जा रहे हैं।
गीताभवन में आक्सीजन प्लांट का भूमिपूजन
गीताभवन में आक्सीजन प्लांट का भूमिपूजन शुक्रवार को विधायक आकाश विजयवर्गीय ने किया। ट्रस्ट द्वारा शहर में सबसे पहले प्लांट बनाने का बीड़ा उठाया गया है। इस मौके पर वृंदावन के महामंडलेश्वर भास्करानंद महाराज ने कहा कि प्राणवायु के इस सेवा संकल्प से पीड़ितों का जीवन बचाने में बड़ी मदद मिलेगी। इस मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोपालदास मित्तल, राम ऐरन, मनोहर बाहेती, हरीश जाजू आदि मौजूद थे।