मध्य प्रदेश राज्यभा चुनाव को लेकर भाजपा विधायक दल की बैठक आज, बनेगी मतदान की रणनीति

0
174

भोपाल। शुक्रवार को राज्यसभा की तीन सीटों के लिए होने वाले मतदान से एक दिन पहले गुरुवार को भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। बुधवार को विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक और प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इसके लिए सभी विधायकों को चिट्ठी लिखी है।

विधायक दल की बैठक पार्टी के भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में होगी। बैठक के बाद भोज का आयोजन भी होगा। सभी विधायकों को इसमें आवश्यक रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अगले दिन होने वाली वोटिंग को लेकर रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा। क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए विधायकों को निर्देश भी जारी किया जा सकता है। प्रदेश में राज्यसभा की तीन में से दो सीट पर भाजपा और एक कांग्रेस को मिलने की संभावना है। भाजपा ने यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और प्रो. सुमेर सिंह सोलंकी को प्रत्याशी बनाया है।

दत्तीगांव को बनाया सिंधिया का मुख्य एजेंट

भाजपा ने अपनी पहली प्राथमिकता वाले प्रत्याशी ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए राज्यव‌र्द्धन सिंह दत्तीगांव को मुख्य एजेंट बनाया है। पोलिंग एजेंट अरविंद भदौरिया और काउंटिंग एजेंट गिरीश गौतम को नियुक्त किया गया है। दूसरे प्रत्याशी सुमेर सिंह के लिए मुख्य एजेंट संतोष शर्मा, पोलिंग एजेंट अजय विश्नोई और काउंटिंग एजेंट यशपाल सिंह सिसोदिया को बनाया गया है। संगठन की ओर से उमाशंकर गुप्ता और बंशीलाल गुर्जर को प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

मध्य प्रदेश उपचुनाव की तैयारियां भी जोरों पर

वहीं, दूसरी ओर मध्य प्रदेश में 24 सीटों पर उपचुनाव कब होंगे, इसकी तारीख को लेकर चुनाव आयोग ने अब तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिए हैं। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी की चुनावी तैयारी जोरों पर हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सांवेर (इंदौर) में तुलसी सिलावट के समर्थन में कार्यकर्ताओं की बैठक ले चुके हैं। उन्होंने कुछ दिन पहले रायसेन (सांची) में प्रभुराम चौधरी के विधानसभा क्षेत्र में जाकर उपचुनाव का बिगुल फूंक दिया। हालांकि, गोविंद सिंह राजपूत के सागर जिले के सुरखी में सीएम का दौरा आंधी-तूफान के कारण रद कर दिया गया। भाजपा की तैयारी को देखकर विपक्ष भी हैरान है। गौरतलब है कि उपचुनाव में भाजपा के सामने ही सबसे ज्यादा दुश्वारियां हैं।