नई दिल्ली। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर से पूरी इंडस्ट्री को झटका लगा है। टीवी सेलेब्स से लेकर बॉलीवुड सेलेब्स तक़, सभी सदमे में हैं कि सुशांत इतना बड़ा कदम कैसे उठा सकते हैं। सुशांत ने कल यानी 14 जून को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जैसे ही ये खबर सामने आई ना सिर्फ बॉलीवुड सेलेब्स, टीवी सेलेब्स… बल्कि पूरा देश स्तब्ध रह गया। ख़ुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशांत के जाने पर शोक व्यक्त किया।
पहले खबरें आ रही थीं सुशांत ने आत्महत्या नहीं की है, बल्कि उन्हें ज़हर देकर मारा गया है। लेकिन अब उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई हैं। जिसमें इस बात की पुष्टी हो गई है कि सुशांत की मौत दम घुटन से ही हुई है। सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी। टीवी सीरियल पवित्र रिश्ता से उन्हें घर- घर में पहचान मिली थी। एक्टर की मौत की खबर से उनकी ‘पवित्र रिश्ता’ टीम को तगड़ा झटका लगा है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने ‘पवित्र रिश्ता’ में सुशांत के को स्टार रहे पराग त्यागी से बात की। पराग ने बताया कि जैसे ही पवित्र रिश्ता टीम को सुशांत की मौत की खबर मिली तो सबकी क्या हालत थी।
पराग ने बताया, उषा नदकर्णी का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा गया था। उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि सुशांत अब इस दुनिया में नहीं रहे। वहीं मंजू शाह और टीम के बाकी सदस्य भी ये खबर सुनकर हिल गए। पराग ने बताया कि उन्होंने अंकिता से जब इस बारे बात की तो वो बुरी तरह टूटी हुई थीं। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि सुशांत ऐसा कदम उठा सकते हैं, वो इस खबर पर यकीन ही नहीं कर रही थीं। एक्टर ने कहा, ‘सब कुछ तो अच्छा जा रहा था। छिछोरे हिट हुई थी। उनकी अगली फिल्म बेचारा आने वाली थी। जिसमें वह शानदार लग रहे हैं। सुशांत तुमने ऐसा क्यों किया, क्यों। मैं कल ही बेचारा फिल्म का टीजर देख रहा था, बहुत अच्छा था’। आपको बता दें कि इससे पहले जब इंडिया टीवी ने सुशांत के बारे में अंकिता से बात करने के लिए कॉल किया था तो उन्होंने पर हैरानी जताते हुए ‘क्या’ कहा था और फोन रख दिया था।