Sushant Singh Rajput Death: भावुक हुए धर्मेंद्र, बोले- ‘बहुत निर्दयी है शो बिज़नेस, दर्द महसूस कर सकता हूं’

0
86

नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत का निधन इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ा सदमा है। 34 साल की उम्र में ऐसे एक्टर का चला जाना, जिसने अपने काम से अपनी जगह बनाई और लोगों का प्यार हासिल किया, बहुत दर्द दे रहा है। सुशांत की आत्म-हत्या से तमाम लोग स्तब्ध हैं। वो लोग भी जो उन्हें क़रीब से नहीं जानते। हिंदी फ़िल्म इंडस्ट्री के वेटरन एक्टर धर्मेंद्र सुशांत की मौत से भावुक हो गये। उन्होंने अपना दुख सोशल मीडिया के ज़रिए व्यक्त किया।

धर्मेंद्र ने ट्विटर पर सुशांत की फोटो लगाकार लिखा- प्यारे सुशांत, ना फ़िल्म देखी, ना कभी मिला तुमसे। पर तेरे अचानक चले जाने से बड़ा सदमा लगा। यह ख़ूबसूरत प्यारा शो बिज़नेस असल में बहुत निर्दयी है। मैं तुम्हारा असहनीय दर्द महसूस कर सकता हूं। मैं तुम्हारे परिवार और दोस्तों के साथ इस दुख को साझा कर रहा हूं। धर्मेंद्र और सुशांत के करियर में एक समानता भी है। दोनों फ़िल्म इंडस्ट्री के लिए आउटसाइडर थे और बिना किसी गॉडफादर के फ़िल्मों में शुरुआत की थी।

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत ने रविवार को मुंबई में फांसी लगाकर आत्म-हत्या कर ली थी। बताया जा रहा था कि पिछले छह महीनों से वो अवसाद में थे। हालांकि उन्होंने किसी को इसकी भनक नहीं लगने दी। सुशांत के मृत शरीर को पोस्टमार्टम के लिए आरएन कूपर अस्पताल ले जाया गया। सोमवार सुबह उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आयी, जिसमें बताया गया कि उनकी मौत दम घुटने से ही हुई। उनका अंतिम संस्कार मुंबई में ही किया जाएगा।

सुशांत ने बॉलीवुड में अपना करियर टीवी से शुरू किया था। एकता कपूर ने उन्हें ब्रेक दिया था। बालाजी टेलीफ़िल्म्स के शो पवित्र रिश्ता से सुशांत को घर-घर पहचान मिली। इसके बाद 2013 में अभिषेक कपूर की फ़िल्म काय पो चे से सुशांत का फ़िल्मी करियर शुूरू हुआ। उन्होंने अपनी एक्टिंग से एक टैलेंटेड उदीयमान अभिनेता की पहचान कायम की।

इंडस्ट्री में सुशांत को क्षमताओं से भरे कलाकार के रूप में देखा जाता था। उनकी पिछली फ़िल्म सोन चिरैया बॉक्स ऑफ़िस पर नहीं चली थी, मगर उससे पहले छिछोरे ने बेहतरीन कारोबार किया था। इसलिए भी सुशांत की आकस्मिक मौत हैरान कर रही है। सुशांत की आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा है, जो ओटीटी पर रिलीज़ होगी।