Films In February: फरवरी में आएंगी ये 6 बड़ी फिल्में, वैलेंटाइन डे पर लगेगा रोमांस का तड़का

0
96

नई दिल्ली : साल 2020 का एक महीना जनवरी खत्म हो चुका है और आज से दूसरे महीने का आगाज हो गया है। जनवरी का महीना बॉक्स ऑफिस के लिए अच्छा रहा और कुछ फिल्में 100-200 करोड़ के क्लब में शामिल भी हुईं। अब नजर है फरवरी पर, जिसमें 6 बड़ी फिल्में रिलीज होने वाली हैं और उनकी बॉक्स ऑफिस पर कड़ी जंग होने वाली है।

खास बात ये है कि इस महीने रोमांस, थ्रिलर, हॉरर, सोशल मुद्दों पर आधारित फिल्में बड़ी स्क्रीन पर देखने को मिलने वाली है। इस महीने लव वीक यानी वैलेंटाइन वीक भी आएगा, जिसके लिए लव स्टोरी बेस्ड फिल्में रिलीज होंगी। वहीं हॉरर फिल्म भी इस महीने आपको देखने को मिलेगी, जिसमें विक्की कौशल अहम भूमिका में नजर आएंगे। ऐसे में जानते हैं कि कौनसी फिल्म कब रिलीज होने वाली है और फिल्म से जुड़ी जानकारी…

मलंग (7 फरवरी 2020)

मोहित सूरी डायरेक्टेड फिल्म मलंग में आदित्य रॉय कपूर और दिशा पटानी के साथ अनिल कपूर, कुणाल खेमू भी अहम भूमिकाओं में हैं। ट्रेलर में नजर आने वाली मिस्ट्री और केमिस्ट्री ने इसे निश्चित रूप से फैंस के लिए मोस्ट अवेटेड थ्र‍िलर मूवी बना दिया है।

शिकारा (7 फरवरी 2020)

कश्मीरी पंडितों पर आधारित फिल्म का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा कर रहे हैं और फिल्म के निर्माता भी चोपड़ा ही हैं। खास बात ये है कि इसमें अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे एक लड़का और एक लड़की डेब्यू कर रहे हैं। इसमें लड़के का नाम आदिल खान है, जो शिवकुमार धर का किरदार निभा रहे हैं। वहीं लड़की का नाम सादिया है, जो शांती धर की भूमिका में नजर आएंगी।

हैक्ड (7 फरवरी 2020)

छोटे पर्दे पर संस्कारी बहू का किरदार निभाने हिना खान अब बॉलीवुड में नजर आ रही हैं। फिल्मकार विक्रम भट्ट की इस फिल्म में हिना अहम भूमिका में नजर आएगी। फिल्म की कहानी की बात करें तो इसमें डिजिटल और सोशल मीडिया के नकारात्मक पहलुओं के बारे में बात होगी। फिल्म में साइबर क्राइम के बारे में दिखाया जाएगा और इस बात की भी चेतावनी दी जाएगी कि वेब में अपनी हर छोटी-बड़ी बातों को साझा करना किस हद तक हानिकारक हो सकता है।

लव आजकल (14 फरवरी 2020)

एक्ट्रेस सारा अली खान और कार्तिक आर्यन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव आजकल’ भी इसी महीने रिलीज होने वाली है। यह सैफ अली खान की फिल्म लव आजकल का सीक्वल है। कार्तिक की पहली लव स्टोरी दिखाई गई है 1990 में जब वो स्कूल ब्वॉय होते हैं और एक लड़की के प्यार में पागल होते हैं। वहीं दूसरी लव स्टोरी दिखाई है 2020 की यानी आज के जमाने की। फिल्म को इम्तिाज अली डायरेक्ट कर रहे हैं।

शुभ मंगल ज्यादा सावधान (21 फरवरी 2020)

आयुष्मान खुराना की यह फिल्म समलैंगिक लव लाइफ के बारे में हैं। फिल्म में गे लव लाइफ और उनके बीच आती फैमिली के बारे में दिखाया गया है। फिल्म का निर्देशन हितेश केवलया कर रहे हैं।

भूत-पार्ट-1: द हॉन्टेड शिप

फरवरी में यह हॉरर फिल्म भूत-पार्ट-1: द हॉन्टेड शिप रिलीज होगी, जिसमें विक्की कौशल नजर आएंगे। फिल्म का टीजर रिलीज हो चुका है, जो काफी जबरदस्त दिखाई दे रहा है।

थप्पड़

टाइटल की तरह फिल्म की कहानी भी एक थप्पड़ के इर्द-गिर्द घूमती है। महिला केंद्र‍ित इस फिल्म के ट्रेलर में तापसी पन्नू अहम किरदार में हैं, जो अपने घर-परिवार के खिलाफ जाकर पति के एक थप्पड़ को सहने की बजाय उसका विरोध करती नजर आ रही हैं।