जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव आज, जोड़-तोड़ में जुटी भाजपा-कांग्रेस

0
74

रायपुर। छत्तीसगढ़ के 27 जिला पंचायतों में आज अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुने जाएंगे। जिला पंचायतों में नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों का जमावड़ा लगने लगा है। इस बीच कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल अपने लोगों को अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाने गुणाभाग लगा रहे हैं। नगरीय निकाय में सत्तारूढ़ होने के बाद गुरूवार को जनपद पंचायत में भी कांग्रेस ने अपना दबदबा बनाए रखा और अब जिला पंचायत में भी काबिज होने आतुर है।

12 सदस्य वाले जिला पंचायत कोरबा के चुनाव में कांग्रेस समर्थित ने छह सदस्य चुनकर आए हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि उनका आंकड़ा कम से कम आठ रहेगा। गोंड़वाना गणतंत्र पार्टी की उर्मिला मरकाम का समर्थन अब पार्टी को मिलने का दावा किया जा रहा है।

पोड़ी उपरोड़ा जनपद पंचायत चुनाव में कांग्रेस ने गोंगपा समर्थित प्रत्याशी संतोषी पेंद्राम को समर्थन देकर अध्यक्ष बनाया है। इसके साथ ही निर्दलीय सदस्य प्रीति कंवर भी कांग्रेस से जुड़ी रही हैं और उनकी विचारधारा अभी भी कांग्रेस की है, इसलिए समर्थन मिलना तय माना जा रहा है। कांग्रेस समर्थित सदस्यों की संख्या आठ होने पर कांग्रेस का अध्यक्ष व उपाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।

इधर जिला पंचायत में क्षेत्र क्रमांक सात से प्रेमचंद पटेल भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की है। भाजपा उन्हें अपना समर्थक बता रही है। प्रेमचंद पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हंैं और बागी होकर चुनाव लड़े हैं, इसलिए उनका भाजपा के साथ जाना तय माना जा रहा है।

समयबद्ध निर्वाचन कार्यक्रम इस प्रकार है-

अध्यक्ष- उपाध्यक्ष चुनाव के लिए सदस्यों को निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देना- सुबह 10.30 से 11 बजे

अध्यक्ष का चुनाव

– नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना – सुबह 11 से 12 बजे

– नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा- दोपहर 12 से 12.15 बजे

– अभ्यर्थिता वापस लेना – दोपहर 12.15 से 12.30 बजे

– जरूरत पड़ने पर मतदान- दोपहर 12.45 से 1.15 बजे

– मतगणना व परिणाम की घोषणा- दोपहर 1.15 से परिणाम आने तक

उपाध्यक्ष का चुनाव

– नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करना- दोपहर 2.30 से 3.30 बजे

– नामांकन पत्रों की संवीक्षा- दोपहर 3.30 से 3.45 बजे

– अभ्यर्थिता वापस लेना – दोपहर 3.45 से 4 बजे तक

– जरूरत पड़ने पर मतदान- दोपहर 4.15 से 4.45 बजे

– मतगणना व परिणाम की घोषणा सायं 4.45 से परिणाम आने तक