नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के मुद्दे पर कांग्रेस पर नाम लिए बिना तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी धान और गेहूं के अलावा किसी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य तय नहीं किया वे अब नए कृषि कानूनों पर बेवजह की शंकाएं पैदा कर रहे हैं। उन्होंने नए कृषि कानूनों की तरफदारी करते हुए कहा कि ये केंद्र सरकार के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इनसे अंतरराज्यीय कृषि व्यापार को लाभ होगा।
न्यूनतम समर्थन मूल्य की व्यवस्था खत्म होने के बारे में हो रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि इस बारे किसी तरह की शंका निर्मूल है। एक प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि एमएसपी है, एमएसपी था और एसएसपी हमेशा रहेगा। मोदी सरकार में 20 से अधिक फसलों पर एमएसपी की व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि कुछ सरकारों के कार्यकाल में सिर्फ धान और गेहूं पर ही एमएसपी की व्यवस्था थी। वही लोग अब इस मुद्दे पर शोर मचा रहे हैं। लोगों के मन में शंकाएं पैदा करने के लिए कह रहे हैं कि सरकार यह व्यवस्था बंद करने जा रही हैं। उनका इशारा कांग्रेस की ओर था।