भोपाल. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों का डीए, एरियर, वेतनवृद्धि से लेकर सब कुछ आर्थिक संकट का हवाला देकर रोका जा चुका हुआ है। आज किसान राहत की मांग कर रहा है, युवा रोजगार चाहता है, भोपाल में रोज हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। आर्थिक संकट का हवाला देकर उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा है और फिर भी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रोज करोड़ों रुपए की झूठी घोषणाएं कर रहे हैं। यदि उनकी घोषणाओं का हिसाब लगाया जाए तो भारत सरकार का बजट भी कम पड़ जाएगा। भाजपा के लोग भी शिवराज को घोषणावीर बताते हैं।
कमलनाथ ने जारी बयान में कहा कि प्रदेश की जनता रोज उनकी झूठी घोषणाओं को देख रही है। ऐसा लगा था कि शिवराज विपक्ष में रहकर ही गंभीर बनेंगे। कांग्रेस सरकार ने किसानों का कर्जा माफ किया, जिसे खुद भाजपा सरकार ने विधानसभा में लिखित रूप में स्वीकार किया। उसको लेकर झूठ बोलने पर माफी मांगने की बजाय आज भी शिवराज-सिंधिया की जोड़ी झूठ परोसती रही। कमलनाथ बोले, हमने कभी संबल योजना बंद नहीं की, बल्कि ज्यादा हितग्राहियों को लाभ दिया, कन्या विवाह योजना की बढ़ी हुई राशि हितग्राहियों को प्रदान की, अतिवृष्टि व बाढ़ में किसानों को तत्काल मुआवजा प्रदान किया। मैंने शिवराज की तरह बाढ़ पर्यटन नहीं किया, खराब फसलों को हाथ में लेकर खेतों में फोटो नहीं खिंचवाए, बल्कि किसानों को वास्तविक मुआवजा व सहायता प्रदान कर राहत प्रदान की। प्रदेश की जनता सच्चाई भली-भांति जानती है और चुनावों में इसका जवाब भी देगी।
सत्ता पर भ्रष्टाचारियों-मिलावटखोरों का कब्जा फिर हो गया : सज्जन
पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस की एक जनहितैषी सरकार को षड्यंत्र कर गिरा दिया। अब प्रदेश में फिर से भ्रष्टाचारी लोगों तथा मिलावटखोरों का कब्जा हो गया। अब समय आ गया है कि प्रदेश की जनता को भाजपा सरकार की हकीकत से रूबरू कराया जाए और विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को जिताकर इस भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंका जाए। भांडेर में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्मा ने यह बात कही। वर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी फूल फूल सिंह बरैया के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। वर्मा ने भाजपा नेता अशोक दांगी को कांग्रेस की सदस्यता दिलाई।